द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 30 जनवरी तक राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश के आसार नहीं हैं। इस दौरान सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध छा सकती है, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और धूप तेज रहेगी। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल राज्य के मध्य, दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी जिलों के लिए कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
.jpeg)
बीते 24 घंटे के दौरान पूरे झारखंड में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा, हालांकि कुछ इलाकों में सुबह हल्का कोहरा देखा गया। इस अवधि में अधिकतम तापमान में कई जगहों पर 2.1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में रिकॉर्ड किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रांची के कांके में दर्ज हुआ।
.jpeg)
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार साफ आसमान, कमजोर उत्तर-पश्चिमी हवाओं और दिन में तेज धूप के कारण तापमान में यह बढ़ोतरी देखने को मिली है। आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
.jpeg)
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 26 से 28 जनवरी तक सुबह हल्का कोहरा या धुंध छाने के बाद दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं 29 और 30 जनवरी को भी सुबह कोहरा और बाद में आंशिक बादल रह सकते हैं, लेकिन मौसम शुष्क ही रहेगा।
.jpeg)
अन्य जिलों की बात करें तो देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो में दिन के समय धूप तेज रहेगी, जबकि रातें ठंडी बनी रहेंगी।
.jpeg)
पश्चिमी झारखंड के चतरा, पलामू और गढ़वा जिलों में तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं दक्षिणी झारखंड के सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा में भी दिन के तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में 26 जनवरी के आसपास सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल झारखंड को सीधे तौर पर प्रभावित नहीं करेगा, हालांकि आगे चलकर इसका हल्का असर देखने को मिल सकता है।